मुख्यमंत्री नीतीश कुमार 10 मार्च से फिर निकालेंगे ‘समृद्धि यात्रा’, सुपौल से होगा तीसरे चरण का शुभारंभ
पटना:
Nitish Kumar एक बार फिर बिहार में ‘जिलावार समृद्धि यात्रा’ पर निकलेंगे। इस संबंध में राज्य सरकार की ओर से पत्र जारी कर दिया गया है। जारी पत्र के अनुसार मुख्यमंत्री की यह यात्रा 10 मार्च 2026 से 14 मार्च 2026 तक राज्य के विभिन्न जिलों में आयोजित की जाएगी।

कार्यक्रम के अनुसार समृद्धि यात्रा के तीसरे चरण की शुरुआत 10 मार्च को सुपौल जिले से होगी। उसी दिन अपराह्न में मुख्यमंत्री मधेपुरा का दौरा करेंगे। 11 मार्च को अररिया और किशनगंज, 12 मार्च को पूर्णिया और कटिहार, 13 मार्च को सहरसा और खगड़िया, जबकि 14 मार्च को बेगूसराय और शेखपुरा का दौरा निर्धारित किया गया है।
यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री विभिन्न विकास योजनाओं का स्थल निरीक्षण करेंगे तथा महत्वपूर्ण परियोजनाओं का शिलान्यास, उद्घाटन और कार्यारंभ करेंगे। इसके साथ ही जिलास्तरीय योजनाओं की समीक्षा बैठक और जनसंवाद कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा।
सरकार की ओर से जारी निर्देश के अनुसार सभी विभागों के अधिकारी, प्रमंडलीय आयुक्त, जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक को कार्यक्रम की तैयारी सुनिश्चित करने को कहा गया है। मुख्यमंत्री इस यात्रा के माध्यम से विकास योजनाओं की प्रगति का जायजा लेंगे और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देंगे।