फेसबुक पर वायरल वीडियो मामले में प्राथमिकी दर्ज, अफवाह फैलने वाले सावधान
नालंदा।
सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो के मामले में नालंदा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस के अनुसार फेसबुक पर एक प्रोफाइल से भड़काऊ और आपत्तिजनक पोस्ट किए जाने की सूचना मिलने के बाद मामले की जांच शुरू की गई।
पुलिस द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के मुताबिक 18 मार्च 2026 को सुबह सूचना मिली कि “माधवलाल कश्यप” नाम से बने फेसबुक प्रोफाइल से भड़काऊ सामग्री पोस्ट की गई है। पोस्ट की जांच करने पर पाया गया कि यह भारतीय न्याय संहिता 2023 की विभिन्न धाराओं के अंतर्गत अपराध की श्रेणी में आता है। इसके बाद नालंदा साइबर थाना में कांड संख्या 72/26 दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए उसके संभावित ठिकानों पर छापेमारी की गई, लेकिन वह फिलहाल फरार बताया जा रहा है। वहीं उसके खिलाफ पहले से भी कई मामले दर्ज होने की बात सामने आई है। पुलिस अब उसके खिलाफ दर्ज सभी मामलों की अद्यतन स्थिति की जांच कर रही है।
विज्ञप्ति में यह भी कहा गया है कि धर्म, जाति, जन्म स्थान, भाषा आदि के आधार पर समाज में नफरत फैलाने या माहौल खराब करने वाली किसी भी पोस्ट को सोशल मीडिया पर साझा करना या उस पर आपत्तिजनक टिप्पणी करना भी अपराध की श्रेणी में आता है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि ऐसे पोस्ट को भावावेश में आकर शेयर या कमेंट करने से बचें।
पुलिस ने वायरल वीडियो और संबंधित पोस्ट को सुरक्षित कर लिया है और उसे शेयर या लाइक करने वालों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। मामले में शामिल सभी लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।