बिहार में मैट्रिक का रिजल्ट आज होगा जारी

बिहार : मैट्रिक परीक्षा 2026 का परिणाम आज 1:15 बजे जारी होगा

पटना, 29 मार्च 2026:

बिहार विद्यालय परीक्षा समिति (BSEB) ने मैट्रिक वार्षिक परीक्षा 2026 के परिणाम को लेकर बड़ी घोषणा की है। बोर्ड द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार मैट्रिक परीक्षा का परिणाम आज रविवार को अपराह्न 1:15 बजे जारी किया जाएगा।

बिहार बोर्ड के द्वारा जारी सूचना

बोर्ड के अध्यक्ष आनंद किशोर ने बताया कि बिहार सरकार के शिक्षा मंत्री सुनील कुमार आज 29 मार्च 2026 को आधिकारिक रूप से परिणाम जारी करेंगे। इस अवसर पर शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव डॉ. बी. राजेन्दर भी मौजूद रहेंगे। कार्यक्रम पटना में आयोजित किया जाएगा।

बिहार विद्यालय परीक्षा समिति की ओर से इस संबंध में मीडिया को आमंत्रित करते हुए प्रेस विज्ञप्ति जारी की गई है। साथ ही बोर्ड के आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल पर भी परिणाम जारी होने की सूचना दी गई है।

बोर्ड ने बताया है कि छात्र-छात्राएं अपना परिणाम आधिकारिक वेबसाइटों पर देख सकेंगे। परिणाम जारी होते ही वेबसाइट पर अधिक ट्रैफिक के कारण थोड़ी देरी हो सकती है, इसलिए विद्यार्थियों को कुछ समय बाद पुनः प्रयास करने की सलाह दी गई है। छात्र अपने रोल कोड और रोल नंबर की सहायता से आसानी से स्कोरकार्ड डाउनलोड कर सकेंगे।

गौरतलब है कि मैट्रिक वार्षिक परीक्षा 2026 फरवरी महीने में आयोजित की गई थी। इस वर्ष भी लाखों परीक्षार्थी अपने परिणाम का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। परिणाम के साथ ही टॉपर्स की सूची, जिला-वार प्रदर्शन तथा कुल पास प्रतिशत की जानकारी भी जारी की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *