बिहार: में ईरान पर हमले के विरोध में निकला मार्च
शेखपुरा।
इजरायल द्वारा अमेरिका की मदद से ईरान पर किए गए हमले के विरोध में रविवार की देर शाम जिला मुख्यालय में विरोध मार्च निकाला गया। यह मार्च मो. शाहीन मुमताज और जन सुराज के युवा नेता मो. क्यूम के नेतृत्व में आयोजित किया गया। इफ्तार के बाद बड़ी संख्या में लोगों ने बड़ी दरगाह से चांदनी चौक तक पैदल मार्च करते हुए अपना विरोध दर्ज कराया।
मार्च में शामिल लोगों ने अमेरिका और इजरायल के खिलाफ नारेबाजी की तथा भारत सरकार से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शांति की पहल करने की अपील की। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि मौजूदा हालात से मध्य-पूर्व क्षेत्र में अस्थिरता बढ़ सकती है, जो वैश्विक शांति के लिए चिंता का विषय है।
प्रदर्शन के दौरान वक्ताओं ने ईरान के धार्मिक नेतृत्व के समर्थन की बात कही और क्षेत्र में हो रही हिंसक घटनाओं की निंदा की। कुछ वक्ताओं ने कहा कि रमजान जैसे पवित्र महीने में इस प्रकार की सैन्य कार्रवाई मानवता और शांति के मूल्यों के विपरीत है। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय समुदाय से संयम बरतने और कूटनीतिक समाधान तलाशने की मांग की।
मार्च में शिया समुदाय से जुड़े लोगों की उपस्थिति अपेक्षाकृत अधिक देखी गई। प्रतिभागियों ने कर्बला के शहीदों के बलिदान का उल्लेख करते हुए अन्याय और उत्पीड़न के खिलाफ आवाज उठाने की बात कही।
गौरतलब है कि इन दिनों मुस्लिम समुदाय का पवित्र रमजान महीना चल रहा है, जिसे इबादत, रहमत और आपसी सद्भाव का महीना माना जाता है। ऐसे में प्रदर्शनकारियों ने सभी पक्षों से संयम और शांति बनाए रखने की अपील की।
प्रशासन की ओर से मार्च के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखी गई और कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।