चेन्नई में बिहार के युवक, पत्नी और मासूम की हत्या का मामला: बच्चे का शव लाने में परिवार असमर्थ 

 चेन्नई में बिहार के युवक, पत्नी और मासूम की हत्या का मामला: बच्चे का शव लाने में परिवार असमर्थ 

चेन्नई/शेखपुरा।

बिहार के शेखपुरा जिले के एक गांव निवासी युवक, उसकी पत्नी और दो वर्षीय मासूम बेटे की चेन्नई में नृशंस हत्या के मामले ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। युवक की पत्नी पहले अपने मायका में रहती थी। करीब पंद्रह दिन पहले ही युवक पत्नी और बच्चे को लेकर काम की तलाश में चेन्नई गया था। महिला के गांव के ही युवक सिकंदर ने उन्हें वहां रहने के लिए डेरा दिलवाया था।

चेन्नई सिटी पुलिस के अनुसार, सोमवार 26 जनवरी 2026 को स्थानीय लोगों की सूचना पर आडियार थाना क्षेत्र के इंदिरा नगर फर्स्ट एवेन्यू में एक दोपहिया शोरूम के पास कपड़े के बोरे में युवक का शव बरामद किया गया। इसके बाद मंगलवार 27 जनवरी को इंदिरा नगर रेलवे स्टेशन के पास बकिंघम नहर से उनके दो वर्षीय बेटे का शव मिला।

बुधवार 28 जनवरी को पुलिस ने इस हत्याकांड में शामिल पांच लोगों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों में सिकंदर, नरेंद्रकुमार, रविंद्रनाथ टैगोर और विकास शामिल हैं, जबकि एक अन्य व्यक्ति से पूछताछ जारी है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि इस वारदात में और लोग तो शामिल नहीं थे।

पुलिस के मुताबिक, सीसीटीवी फुटेज से पता चला कि दो लोग बाइक से शव फेंकने आए थे। जांच में सामने आया कि बाइक एक निजी सुरक्षा कंपनी की थी और आरोपी मृतक के परिचित थे। आरोपियों ने स्वीकार किया कि सिकंदर ने मृतक को तरमणि स्थित एक पॉलिटेक्निक कॉलेज में सुरक्षा गार्ड की नौकरी दिलाई थी और परिवार उसी के साथ रह रहा था।

पुलिस का संदेह है कि 26 जनवरी की रात मृतक की पत्नी से कथित दुष्कर्म की कोशिश के विरोध में पूरे परिवार की हत्या कर दी गई। फिलहाल महिला का शव बकिंघम नहर और पल्लीकरनई दलदली क्षेत्र में तलाशा जा रहा है। उधर, युवक का शव बुधवार को गांव पहुंच गया, लेकिन बच्चे का शव लाने में परिवार ने आर्थिक असमर्थता जताई है। परिवार का कहना है कि उनके पास चेन्नई जाकर शव लाने के लिए पैसे नहीं हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *