बुलेट पर घूमकर कर रहे थे रोड रॉबरी, पुलिस ने तीन बदमाशों को दबोचा 

 बुलेट पर घूमकर कर रहे थे रोड रॉबरी, पुलिस ने तीन बदमाशों को दबोचा 

 शेखपुरा।

 जिले में लगातार हो रही रोड रॉबरी की घटनाओं का पुलिस ने खुलासा करते हुए अंतरजिला गिरोह के तीन अपराधियों को गिरफ्तार किया है। ये सभी बुलेट मोटरसाइकिल पर सवार होकर सुनसान सड़कों पर राहगीरों को निशाना बनाते थे। गिरफ्तार आरोपियों के पास से एक देसी कट्टा, कारतूस और लूट की घटनाओं में प्रयुक्त अन्य सामान बरामद किया गया है।

अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. राकेश कुमार ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में लगातार रोड रॉबरी की घटनाएं हो रही थीं। इन घटनाओं के उद्भेदन के लिए विशेष टीम का गठन किया गया। तकनीकी अनुसंधान, सीसीटीवी फुटेज और गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया।

उन्होंने बताया कि 18 जुलाई की सुबह करीब 9 बजे ककरार गांव के आगे बुलेट सवार अपराधियों ने एक व्यक्ति को हथियार का भय दिखाकर 32 हजार रुपये नकद और मोबाइल फोन लूट लिया था। इसके अगले दिन 19 जुलाई की रात करीब 10 बजे मनकॉल गांव के समीप मोटरसाइकिल सवार एक व्यक्ति से 14 हजार रुपये और मोबाइल लूट लिया गया। उसी रात कैथमा मोड़ के पास भी बदमाशों ने एक अन्य राहगीर से मोबाइल छीन लिया था।

लगातार हो रही इन वारदातों के बाद पुलिस ने कार्रवाई तेज की और गिरोह तक पहुंचने में सफलता हासिल की। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान भागलपुर जिले के सबौर थाना क्षेत्र के वार्ड संख्या-7 लैलक नगर निवासी सुबोध मंडल के पुत्र सन्नि कुमार, नवादा जिले के पकरीबरावां थाना क्षेत्र के डोला गांव निवासी राजकुमार सिंह के पुत्र शिवम कुमार** तथा इसी गांव के महेश जी के पुत् राहुल कुमार के रूप में हुई है।

अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि गिरफ्तार अपराधी अंतरजिला गिरोह के सदस्य हैं और इनसे पूछताछ के आधार पर अन्य मामलों में भी जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि गिरोह के अन्य सदस्य किन-किन जिलों में सक्रिय रहे हैं। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *