डिग्री कॉलेज से गांव की बेटियों को मिलेंगे पंख : मंत्री अशोक चौधरी

डिग्री कॉलेज से गांव की बेटियों को मिलेंगे पंख : मंत्री अशोक चौधरी

शेखपुरा के चार प्रखंडों में डिग्री कॉलेजों का शुभारंभ, प्रेसवार्ता में विकास और राजनीतिक मुद्दों पर भी बोले मंत्री

शेखपुरा :

बिहार सरकार के खाद एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री डॉ. अशोक चौधरी ने कहा कि गांवों में डिग्री कॉलेज खुलने से बेटियों को आगे बढ़ने के नए अवसर मिलेंगे। अब उन्हें उच्च शिक्षा के लिए दूर-दराज नहीं जाना पड़ेगा और वे आत्मनिर्भर बनकर समाज में नई पहचान स्थापित करेंगी। उन्होंने कहा कि आज देश की बेटियां फाइटर विमान उड़ा रही हैं, इसलिए उन्हें किसी भी क्षेत्र में कम नहीं आंकना चाहिए।

मंत्री बुधवार को शेखोपुरसराय प्रखंड के बेलाव गांव में नवस्थापित डिग्री कॉलेज में स्नातक कक्षाओं के शुभारंभ समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के सात निश्चय-3 के तहत सभी प्रखंडों में डिग्री कॉलेज खोलने का संकल्प अब पूरा हो चुका है। इससे ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों, विशेषकर छात्राओं, को अपने ही प्रखंड में स्नातक तक की पढ़ाई की सुविधा मिलेगी। उन्होंने कहा कि राज्य की साक्षरता दर में भी इसका सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा।

विशेष राज्यव्यापी कार्यक्रम के तहत शेखपुरा जिले के अरियरी, चेवाड़ा, शेखोपुरसराय और घाटकुसुंभा प्रखंडों में नए डिग्री कॉलेजों का शुभारंभ किया गया। इससे पांची, सुमका, लहना, पानापुर सहित आसपास के गांवों के विद्यार्थियों को अब स्नातक की पढ़ाई के लिए शेखपुरा या बरबीघा नहीं जाना पड़ेगा। कार्यक्रम में जिला पदाधिकारी शेखर आनंद, जिला परिषद अध्यक्ष निर्मला कुमारी, विश्वविद्यालय प्रतिनिधि दिवाकर कुमार सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।

उद्घाटन समारोह के बाद आयोजित प्रेसवार्ता में मंत्री अशोक चौधरी ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को वर्ष 2005 में 118 नरसंहारों वाला बिहार और मात्र 26 हजार करोड़ रुपये के बजट वाला राज्य मिला था। उन्होंने कहा कि उस समय जातीय तनाव चरम पर था और बिहार की स्थिति ऐसी थी मानो बिना टायर, इंजन और लाइट वाली खटारा गाड़ी हो। उन्होंने दावा किया कि मुख्यमंत्री के संकल्प और विकास कार्यों से बिहार की तस्वीर बदली है।

मंत्री ने कहा कि पहले शहरों में भी जनरेटर के सहारे बिजली मिलती थी और गांवों के लोगों को मोबाइल चार्ज कराने के लिए कई किलोमीटर दूर जाकर पैसे खर्च करने पड़ते थे, जबकि आज गांव-गांव में बिजली पहुंच चुकी है। उन्होंने कहा कि भारत दुनिया का सबसे युवा देश है और बिहार सबसे युवा राज्य है, इसलिए युवाओं को बेहतर अवसर उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है।

उन्होंने बताया कि राज्य में एक करोड़ नए राशन कार्ड बनाने की तैयारी चल रही है और इसके लिए अधिकारियों को विशेष शिविर लगाने का निर्देश दिया गया है। जन वितरण प्रणाली की निगरानी पूरी तरह डिजिटल की जा रही है। उन्होंने कहा कि बिहार देश का पहला अग्रणी राज्य बन गया है, जहां 99 प्रतिशत राशन कार्ड आधार से लिंक किए जा चुके हैं। शेखपुरा में मेडिकल कॉलेज खोलने के सवाल पर उन्होंने कहा कि यहां भी मेडिकल कॉलेज अवश्य स्थापित किया जाएगा। साथ ही उन्होंने पटना के बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में एनडीए की जीत का दावा भी किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *