होली महोत्सव महामूर्ख सम्मेलन में खूब झूमे लोग

बरबीघा। रंगों के पर्व होली के अवसर पर रविवार को सामाजिक संस्था बरबीघा चौपाल द्वारा होली महोत्सव सह महा मूर्ख सम्मेलन का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन डिवाइन लाइट पब्लिक स्कूल के दिनकर सभागार में हुआ, जिसकी अध्यक्षता पूर्व सिविल सर्जन डॉ. कृष्ण मुरारी प्रसाद सिंह ने की। समारोह की शुरुआत अवर पुलिस अधीक्षक डॉ. राकेश कुमार एवं पूर्व सिविल सर्जन डॉ. के. पुरुषोत्तम ने होली गायन मंडली को गुलाल लगाकर की।



अहियापुर गांव के बुजुर्गों और युवाओं की टीम ने पारंपरिक ग्रामीण होली गीतों की प्रस्तुति दी। “जमुना के तीर राधा होली खेले अइहो” तथा “गोरिया करके सिंगार अंगना में पीसो है हरदिया” जैसे गीतों ने श्रोताओं को झूमने पर मजबूर कर दिया। चौपदा गायन की प्रस्तुति भी आकर्षण का केंद्र रही। अवर पुलिस अधीक्षक डॉ. राकेश कुमार ने स्वयं होली गीत गाकर समां बांध दिया, वहीं आदर्श विद्या भारती के प्राचार्य संजीव कुमार ने “काली चुनरी में यमुना लहर मारे” गीत प्रस्तुत किया।



महा मूर्ख सम्मेलन में चुटकुलों और हास्य कविताओं के माध्यम से लोगों का भरपूर मनोरंजन हुआ। कवि अरविंद मानव, उपेंद्र प्रेमी, लखेरा लाल कुशवाहा और प्रवीण बटोही ने अपने गीतों और व्यंग्य से माहौल को उल्लासमय बना दिया। कार्यक्रम का समापन “सदा आनंद रहे यह द्वारे” के साथ हुआ। मंच संचालन शांति भूषण मुकेश ने किया तथा धन्यवाद ज्ञापन अरुण साथी ने किया। अतिथियों को अंगवस्त्र और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *