विकास योजनाओं की समीक्षा को लेकर प्रभारी मंत्री ने की उच्चस्तरीय बैठक
शेखपुरा: समाहरणालय स्थित मंथन सभागार में मंगलवार को जिला कार्यक्रम कार्यान्वयन समिति की महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता बिहार सरकार के समाज कल्याण विभाग की मंत्री सह शेखपुरा जिला की प्रभारी मंत्री डॉ. श्वेता गुप्ता ने की। बैठक में जिले में संचालित विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की गहन समीक्षा की गई तथा संबंधित अधिकारियों को पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से कार्य करने के निर्देश दिए गए।
बैठक की शुरुआत राष्ट्रीय गीत के गायन के साथ गरिमामय वातावरण में हुई। इस दौरान पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए ‘जल-जीवन-हरियाली’ अभियान के तहत प्रभारी मंत्री, आप्त सचिव, शेखपुरा एवं बरबीघा के विधायक, प्रभारी जिला पदाधिकारी, पुलिस अधीक्षक, अपर समाहर्ता तथा उप विकास आयुक्त को पौधे भेंट कर सम्मानित किया गया।
बैठक को संबोधित करते हुए प्रभारी मंत्री डॉ. श्वेता गुप्ता एवं जिला परिषद अध्यक्षा ने कहा कि मुख्यमंत्री की महत्वाकांक्षी योजनाओं को हर हाल में धरातल पर उतारना प्राथमिकता होनी चाहिए, ताकि समाज के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंच सके। उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि भविष्य की बैठकों में सभी पदाधिकारी पूरी तैयारी एवं अद्यतन रिपोर्ट के साथ उपस्थित रहें। अधूरी जानकारी या बिना तैयारी के आने वाले अधिकारियों के विरुद्ध कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
प्रभारी मंत्री ने निर्देश दिया कि जिले में संचालित सभी विकास योजनाओं का शिलापट्ट अनिवार्य रूप से लगाया जाए, जिससे आम लोगों को योजनाओं की सही जानकारी मिल सके। बैठक में पीएचईडी विभाग के कार्यपालक अभियंता को जमीनी हकीकत के अनुरूप सही रिपोर्ट प्रस्तुत करने की हिदायत दी गई। साथ ही समिति सदस्यों के अनुरोध पर नल-जल योजना के सभी ऑपरेटरों का लंबित मानदेय जल्द भुगतान करने का निर्देश भी दिया गया।
नगर एवं आवास विभाग को जिले में संचालित सभी चालू एवं लंबित योजनाओं की विस्तृत जानकारी साझा करने का निर्देश दिया गया। वहीं शेखपुरा एवं बरबीघा में लगातार बढ़ रही जाम की समस्या पर गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए विधायकगणों ने जिला पदाधिकारी को स्थायी समाधान के लिए व्यापक कार्ययोजना तैयार कर सख्त कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
बैठक में शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, समाज कल्याण, भवन निर्माण, पथ निर्माण, उद्योग, पंचायती राज, ग्रामीण कार्य, लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग (PHED), मनरेगा, योजना विभाग तथा नगर एवं आवास विभाग सहित कई विभागों की योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।
इस अवसर पर प्रभारी जिला पदाधिकारी, पुलिस अधीक्षक, उप विकास आयुक्त, सिविल सर्जन, अनुमंडल पदाधिकारी, जिला परिषद अध्यक्षा, शेखपुरा एवं बरबीघा के विधायकगण, समिति सदस्य तथा विभिन्न विभागों के जिला एवं प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी मौजूद रहे।