गया में रिश्वत लेते बीडीओ गिरफ्तार, निगरानी की बड़ी कार्रवाई

गया में रिश्वत लेते बीडीओ गिरफ्तार, निगरानी की बड़ी कार्रवाई

गया।

नगर प्रखण्ड, गया के प्रखण्ड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) राकेश कुमार को 50 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की टीम ने रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई रविवार 9 फरवरी 2026 को नगर प्रखण्ड कार्यालय परिसर में की गई।

निगरानी अन्वेषण ब्यूरो, बिहार, पटना में दर्ज निगरानी थाना कांड संख्या 016/26 के अनुसार, शिकायतकर्ता सुचिता रंजनी, जो वर्तमान में नगर प्रखण्ड की प्रमुख हैं, ने आरोप लगाया था कि प्रखण्ड विकास पदाधिकारी द्वारा कराए गए कार्य के पूर्ण होने के बाद लेबर मद में 3 लाख 50 हजार रुपये के भुगतान के एवज में रिश्वत की मांग की जा रही थी। शिकायत की सत्यापन प्रक्रिया में रिश्वत मांगने के आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए गए।

इसके बाद पुलिस उपाधीक्षक सत्येन्द्र राम के नेतृत्व में धावादल का गठन किया गया। टीम ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई करते हुए नगर प्रखण्ड कार्यालय में प्रखण्ड प्रमुख के कक्ष से बीडीओ राकेश कुमार को 50 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार कर लिया।

निगरानी अन्वेषण ब्यूरो के अनुसार, अभियुक्त से पूछताछ के बाद उसे विशेष निगरानी न्यायालय, पटना में प्रस्तुत किया जाएगा। मामले में आगे की जांच जारी है।

बताया गया कि वर्ष 2026 में निगरानी अन्वेषण ब्यूरो द्वारा भ्रष्टाचार के खिलाफ यह 16वीं प्राथमिकी है, जिसमें ट्रैप से संबंधित 14वां मामला शामिल है। अब तक कुल 11 अभियुक्तों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया जा चुका है और 7 लाख 15 हजार रुपये रिश्वत की बरामदगी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *