सिवान में पुलिस एनकाउंटर : बीजेपी नेता के भांजे का हत्या आरोपी सोनू यादव ढेर
सिवान:
जिले के बड़हरिया थाना क्षेत्र के गौशीहाता गांव के समीप पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कुख्यात अपराधी सोनू यादव को मुठभेड़ में मार गिराया। हुसैनगंज थाना क्षेत्र के सरेया गांव निवासी गरजू यादव का पुत्र सोनू यादव पुलिस के लिए लंबे समय से चुनौती बना हुआ था। बताया जा रहा है कि मुठभेड़ के दौरान उसे सीने में गोली लगी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित कर रखा था।
पुलिस के अनुसार, सोनू यादव चार दिन पहले हुए चर्चित फायरिंग कांड का मुख्य आरोपी था। इस हमले में पूर्व एमएलसी मनोज सिंह के बहनोई और उनके भांजे हर्ष सिंह को निशाना बनाया गया था। घटना में हर्ष कुमार सिंह की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि पूर्व एमएलसी के बहनोई गंभीर रूप से घायल हो गए थे और उनका इलाज फिलहाल पटना में चल रहा है। इस सनसनीखेज वारदात के बाद पूरे इलाके में तनाव फैल गया था और पुलिस पर अपराधियों की गिरफ्तारी को लेकर भारी दबाव था।
बताया जा रहा है कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि सोनू यादव अपने साथियों के साथ बड़हरिया इलाके में छिपा हुआ है। सूचना के आधार पर पुलिस ने पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर सघन तलाशी अभियान चलाया। इसी दौरान अपराधियों की ओर से पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी गई। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी मोर्चा संभाला, जिसमें सोनू यादव ढेर हो गया।
इस मामले में पुलिस ने एक अन्य आरोपी सुनील यादव को जामो थाना क्षेत्र के लद्दी बाजार से गिरफ्तार किया है। उसके पास से एक कार भी बरामद की गई है। वहीं, इससे दो दिन पूर्व छोटू यादव नामक अपराधी भी पुलिस मुठभेड़ में घायल हुआ था, जिसके दोनों पैरों में गोली लगी थी और वह पटना में इलाजरत है।
सिवान में पुलिस एनकाउंटर : बीजेपी नेता के भांजे का हत्या आरोपी सोनू यादव ढेर