दिल्ली में बिहारी की हत्या से आक्रोश, कांग्रेस का प्रदर्शन
शेखपुरा
दिल्ली में एक डिलीवरी बॉय की हत्या बिहारी जानकर कर दी गई थी। पुलिस कांस्टेबल ने गोली मारकर हत्या किया था । मृतक युवक पांडव कुमार खगड़िया जिला का रहने वाला था । इसी के आक्रोश में बिहार भर में कांग्रेस ने प्रदर्शन किया। जिसमें शेखपुरा जिले में कांग्रेस के जिला अध्यक्ष आनंदी यादव के नेतृत्व में विरोध प्रदर्शन किया गया और बिहारी जानकर गोली मारने वाले पर कठोर कार्रवाई की मांग की गई। इस मौके पर कांग्रेस के नेता रोशन कुमार प्रेम गुप्ता, दानी प्रसाद इत्यादि उपस्थित रहे।
बता दें कि, राजधानी दिल्ली के द्वारका जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहाँ दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल में तैनात एक हेड कांस्टेबल ने बिहारी जानकर 23 वर्षीय युवक पांडव कुमार की गोली मारकर हत्या कर दी।
घटना शनिवार रात (26 अप्रैल) जाफरपुर कलां इलाके की है। मृतक पांडव कुमार, जो मूल रूप से बिहार के खगड़िया जिले के रहने वाले थे और दिल्ली में डिलीवरी बॉय का काम करते थे, अपने दोस्त के बच्चे के जन्मदिन की पार्टी से लौट रहे थे। आरोप है कि रास्ते में आरोपी कांस्टेबल नीरज बालहारा नशे की हालत में था। गवाहों के अनुसार, नीरज ने पांडव और उनके साथियों के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी और उनकी “बिहारी” पहचान को लेकर अपमानजनक टिप्पणियां कीं।
विवाद बढ़ने पर कांस्टेबल ने अपनी सर्विस रिवॉल्वर से फायरिंग कर दी।
गोली पांडव की छाती के आर-पार हो गई, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वही गोली उनके साथी कृष्ण को भी लगी, जो फिलहाल अस्पताल में उपचाराधीन हैं। वारदात के बाद आरोपी कांस्टेबल मौके से फरार हो गया था, जिसे पुलिस ने बाद में हरियाणा के रोहतक से गिरफ्तार कर लिया है।
इस घटना ने बिहार और दिल्ली की राजनीति में उबाल ला दिया है। बिहार के विपक्षी नेताओं ने इसे “नस्लीय और क्षेत्रीय नफरत” का परिणाम बताया है।
पांडव अपने परिवार के भविष्य के लिए दिल्ली में मेहनत कर रहे थे। उनकी इस तरह हत्या के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय लोग और बिहार के विभिन्न संगठन मृतक के लिए न्याय की मांग कर रहे हैं।