रांची से दिल्ली जा रही एयर एम्बुलेंस चतरा में दुर्घटनाग्रस्त, सात की मौत

रांची से दिल्ली जा रही एयर एम्बुलेंस चतरा में दुर्घटनाग्रस्त, सात की मौत

रांची से दिल्ली जा रही एक एयर एम्बुलेंस 23 फरवरी की शाम झारखंड के चतरा जिले के करमाटांड स्थित वन क्षेत्र में दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में विमान में सवार सभी सात लोगों की मौत हो गई। मृतकों में एक मरीज, उसकी पत्नी और परिजन के अलावा एक डॉक्टर, पैरामेडिक, पायलट और को-पायलट शामिल हैं।

बताया गया कि लातेहार जिले के चंदवा निवासी होटल संचालक संजय कुमार 16 फरवरी को आग से गंभीर रूप से झुलस गए थे। उन्हें रांची के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। हालत नाजुक होने पर परिजनों ने बेहतर इलाज के लिए एयर एम्बुलेंस से दिल्ली ले जाने का निर्णय लिया था।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार शाम करीब साढ़े सात बजे तेज धमाके की आवाज सुनाई दी, जिसके बाद ग्रामीण घटनास्थल की ओर दौड़े। प्रशासन, पुलिस और राहत दल ने मौके पर पहुंचकर मलबे से सात शव बरामद किए। उपायुक्त कीर्ति श्री और एसपी सुमित कुमार अग्रवाल समेत कई अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे।

नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (डीजीसीए) के अनुसार रेड बर्ड एयरवेज का बीचक्राफ्ट सी90 विमान रांची से उड़ान भरने के कुछ समय बाद खराब मौसम के बीच संपर्क से बाहर हो गया। दुर्घटना की जांच शुरू कर दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *