पांच छात्राओं को राजगीर ले जाने के आरोप में शिक्षक निलंबित, पॉक्सो और आइटी एक्ट में केसगोपालगंज। थावे प्रखंड के उच्च माध्यमिक विद्यालय वृंदावन के शिक्षक एहसान अख्तर को पांच छात्राओं को बिना अनुमति राजगीर ले जाने के आरोप में निलंबित कर दिया गया है। शिक्षा मंत्री के निर्देश पर विभाग ने यह कार्रवाई की है। वहीं, मामले में विद्यालय के प्रधानाध्यापक कृष्ण भगवान यादव ने उचकागांव थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस ने पॉक्सो एक्ट और आइटी एक्ट के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।आरोप है कि शिक्षक एहसान अख्तर 11वीं और 12वीं की पांच छात्राओं को लेकर राजगीर चले गए थे। प्रधानाध्यापक के अनुसार, शिक्षक ने 12 नवंबर को आवश्यक कार्य का हवाला देते हुए एक दिन के आकस्मिक अवकाश का आवेदन दिया था। इसके बाद 13 और 14 नवंबर को विद्यालय बंद था। इसी दौरान छात्राओं को राजगीर ले जाने का मामला सामने आया।शिक्षक और छात्राओं से जुड़ा एक वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित होने के बाद मामला तूल पकड़ लिया। प्रधानाध्यापक ने पुलिस को दिए आवेदन में कहा है कि विद्यालय प्रबंधन की अनुमति के बिना छात्राओं को बाहर ले जाना शिक्षक के आचरण के विरुद्ध है। उन्होंने वीडियो की सत्यता की जांच कर कार्रवाई की मांग की है।वीडियो प्रसारित होने के बाद आसपास के गांवों के ग्रामीण विद्यालय पहुंच गए और हंगामा किया। इस दौरान ग्रामीणों ने आरोपित शिक्षक की पिटाई भी कर दी। सूचना पर उचकागांव थानाध्यक्ष आशुतोष कुमार झा, थावे के प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी सम्राट शिरोमणि और स्थानीय जनप्रतिनिधि मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने कार्रवाई का आश्वासन देकर ग्रामीणों को शांत कराया।पुलिस मामले की जांच कर रही है।
