रील बनाने वाले पुलिसकर्मियों पर गिरी गाज, 48 पर कार्रवाई, एक निलंबित
पटना, 23 अप्रैल 2026। सोशल मीडिया पर रील बनाने के बढ़ते चलन के बीच बिहार पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। वर्दी में और थाना परिसर के भीतर रील बनाकर पोस्ट करने वाले करीब 48 पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इस कड़ी में पूर्णिया की महिला थानाध्यक्ष शबाना आजम को निलंबित कर दिया गया है।
बताया जा रहा है कि पूर्णिया की एसपी स्वीटी सेहरावत ने यह कार्रवाई वर्दी में रील बनाकर सोशल मीडिया पर साझा करने के आरोप में की है। पुलिस मुख्यालय ने इस तरह की गतिविधियों को अनुशासनहीनता मानते हुए सख्त कदम उठाने का निर्देश दिया है।
पटना से सबसे ज्यादा पुलिसकर्मी शामिल
कार्रवाई की सूची में सबसे अधिक 16 पुलिसकर्मी पटना जिले के हैं। इसके अलावा मधुबनी, किशनगंज, दरभंगा, नालंदा, गया, सीतामढ़ी, सहरसा, जमुई और मुंगेर समेत कई जिलों के पुलिसकर्मी भी शामिल हैं। संबंधित जिलों के पुलिस अधीक्षकों को निर्देश दिया गया है कि सभी चिह्नित कर्मियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई सुनिश्चित करें।
सोशल मीडिया सेल की निगरानी में खुलासा
सूत्रों के अनुसार, पुलिस मुख्यालय के सोशल मीडिया सेल ने मॉनिटरिंग के दौरान ऐसे पुलिसकर्मियों की पहचान की, जो वर्दी में, हथियारों के साथ या थाना परिसर में रील बनाकर लगातार पोस्ट कर रहे थे। इसके बाद करीब चार दर्जन पुलिसकर्मियों की सूची तैयार कर कार्रवाई के निर्देश जारी किए गए।
पहले ही जारी हो चुकी थी SOP
गौरतलब है कि पुलिस मुख्यालय ने 16 दिसंबर 2025 को ही आचरण को लेकर मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) जारी की थी। इसमें वर्दी में रील बनाने और सोशल मीडिया पर साझा करने पर सख्त रोक लगाई गई थी।
कड़ी चेतावनी
पुलिस मुख्यालय ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में भी इस तरह की अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी पुलिसकर्मियों को सख्त निर्देश दिया गया है कि वे नियमों का पालन करें, अन्यथा कड़ी कार्रवाई तय है।