वायुसेना अधिकारी की बेटी सपना शर्मा का भारतीय नौसेना में सब-लेफ्टिनेंट पद पर चयन
शेखपुरा
बरबीघा प्रखंड के सरबा गांव की नातिन सपना शर्मा का चयन भारतीय नौसेना में सब-लेफ्टिनेंट के पद पर हुआ है। उनका चयन शॉर्ट सर्विस कमीशन के तहत एविएशन स्पेशलाइजेशन (नेवल एयर ऑपरेशंस ऑफिसर) के लिए एक्जीक्यूटिव ब्रांच में किया गया है। भारतीय नौसेना मुख्यालय की ओर से 18 नवंबर 2026 को जारी नियुक्ति पत्र में इसकी जानकारी दी गई है।सपना शर्मा मूल रूप से पटना जिले के बख्तियारपुर प्रखंड अंतर्गत शालिमपुर गांव की निवासी हैं। वह विंग कमांडर संजीव शर्मा एवं पूनम शर्मा की पुत्री हैं। उनके पिता भारतीय वायुसेना में विंग कमांडर के पद पर कार्यरत हैं। उनके दादा रविंद्र शर्मा भी भारतीय सेना में अपनी सेवाएं दे चुके हैं।सपना का ननिहाल शेखपुरा जिले के बरबीघा प्रखंड अंतर्गत सरबा गांव में है। वह स्व. अर्जुन प्रसाद शर्मा (पूर्व सीआइएसएफ कर्मी) की नातिन हैं। उनके छोटे नाना अजय कुमार सिंह भी सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) में अपनी सेवाएं दे चुके हैं।नियुक्ति पत्र के अनुसार सपना को केरल के एझिमाला स्थित भारतीय नौसेना अकादमी में प्रशिक्षण के लिए 28 दिसंबर 2026 को रिपोर्ट करना है। जनवरी 2027 पाठ्यक्रम के तहत उनका प्रशिक्षण होगा।सपना की इस उपलब्धि से उनके पैतृक गांव शालिमपुर और ननिहाल सरबा में खुशी का माहौल है। सैन्य परिवार की तीसरी पीढ़ी के रूप में सपना ने भारतीय नौसेना में चयनित होकर परिवार की गौरवशाली परंपरा को आगे बढ़ाया है।
