गीता प्रेस बंद होने की खबर निकली अफवाह, संस्था ने बताया—कार्य सुचारू रूप से जारी
गोरखपुर, संवाददाता:
सोशल मीडिया पर इन दिनों गीता प्रेस के बंद होने की खबर तेजी से वायरल हो रही है। हालांकि, इस संबंध में संस्था की ओर से स्पष्ट किया गया है कि यह खबर पूरी तरह भ्रामक और निराधार है।
प्रेस द्वारा जारी सूचना के अनुसार गीता प्रेस और गीता भवन का समस्त कार्य पूर्व की तरह नियमित रूप से संचालित हो रहा है। पुस्तकों का प्रकाशन लगातार जारी है और सभी प्रकार की धार्मिक पुस्तकें पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं।
इसके साथ ही गीता भवन में आयोजित होने वाले धार्मिक कार्यक्रम, सत्संग और अन्य गतिविधियां भी सुचारू रूप से चल रही हैं, जिनमें श्रद्धालु बढ़-चढ़कर भाग ले रहे हैं। संस्था ने लोगों से अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी प्रकार की भ्रम की स्थिति से बचें।
प्रेस प्रबंधन ने कहा कि गीता प्रेस पिछले कई दशकों से समाज सेवा और धार्मिक जागरूकता के क्षेत्र में कार्यरत है और आगे भी अपनी सेवाएं जारी रखेगा।
