शादी टूटने के बाद युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, रेलवे ट्रैक किनारे मिला शव
शेखपुरा। जिले के शेखपुरा थाना क्षेत्र में शुक्रवार की सुबह रेलवे ट्रैक किनारे एक युवती का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान चेवाड़ा थाना क्षेत्र के रजौरा गांव निवासी मुरारी यादव की पुत्री खुशबू कुमारी के रूप में हुई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, युवती का शव आरडी कॉलेज रेलवे क्रॉसिंग और एकसारी क्रॉसिंग के बीच डाउन लाइन के किनारे मिला। प्रारंभ में शव की पहचान नहीं हो सकी थी। करीब पांच घंटे बाद परिजनों के पहुंचने पर उसकी पहचान हुई।
मृतका के फूफा रामसागर यादव ने बताया कि खुशबू की शादी शेखपुरा के इंदाय गांव निवासी घोनु यादव के पुत्र रंजीत यादव से जून माह में तय हुई थी और नवंबर में विवाह होना था। परिजनों का आरोप है कि विवाह की तैयारी के दौरान दहेज की राशि का भुगतान भी किया जा चुका था। उनका कहना है कि शादी तय होने के बाद युवक लगातार खुशबू से फोन पर संपर्क करता था और उससे मिलने का दबाव बनाता था। परिजनों के अनुसार, युवती ने इसका विरोध किया, जिसके बाद तीन दिन पहले युवक ने शादी करने से इनकार कर दिया। इसके बाद सामाजिक स्तर पर समझौते की कोशिश भी हुई, लेकिन बात नहीं बन सकी।
परिजनों का कहना है कि गुरुवार रात खुशबू घर से निकल गई थी। सुबह उसके घर में नहीं मिलने पर तलाश शुरू की गई। इसी दौरान सोशल मीडिया के माध्यम से शेखपुरा में रेलवे ट्रैक के पास एक युवती का शव मिलने की सूचना मिली, जिसके बाद परिजन मौके पर पहुंचे और पहचान की।
शेखपुरा थानाध्यक्ष ने बताया कि परिजनों की ओर से लिखित आवेदन मिलने के बाद मामले में विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।