33वें स्थापना दिवस पर विकास की नई उड़ान का संकल्प, सम्मानित हुए कर्मी व दिव्यांगों को मिली ट्राईसाइकिल 

WhatsApp Image 2026 07 31 at 5.08.07 PM 2

 33वें स्थापना दिवस पर विकास की नई उड़ान का संकल्प, सम्मानित हुए कर्मी व दिव्यांगों को मिली ट्राईसाइकिल 

शेखपुरा।

जिले का 33वां स्थापना दिवस शुक्रवार को पूरे उत्साह  से मनाया गया। समाहरणालय परिसर से लेकर परेड मैदान तक दिनभर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। स्थापना दिवस की शुरुआत विकास-सह-प्रभात फेरी से हुई, जो समाहरणालय से गिरिहिंडा पहाड़ स्थित बाबा कामेश्वरनाथ मंदिर तक निकाली गई। प्रभात फेरी में जिलाधिकारी शेखर आनंद, पुलिस अधीक्षक हिमांशु, अपर समाहर्ता लखिन्दर पासवान, उप विकास आयुक्त राकेश कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में स्कूली छात्र-छात्राएं शामिल हुए।

WhatsApp Image 2026 07 31 at 5.08.07 PM

गिरिहिंडा पहाड़ पर “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक तथा अन्य अधिकारियों ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इसके बाद परेड मैदान में मुख्य समारोह का आयोजन हुआ, जहां शेखपुरा विधायक रणधीर कुमार सोनी, बरबीघा विधायक डॉ. कुमार पुष्पंजय तथा विधान परिषद सदस्य ललन प्रसाद का शॉल, पुष्पगुच्छ और श्याम विष्णुधाम के प्रतीक चिन्ह भेंट कर स्वागत किया गया। अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर समारोह का विधिवत उद्घाटन किया। छात्र-छात्राओं ने स्वागत गीत और राष्ट्रगीत की प्रस्तुति देकर कार्यक्रम को सांस्कृतिक रंग प्रदान किया।

WhatsApp Image 2026 07 31 at 5.08.07 PM 1

स्थापना दिवस के अवसर पर विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए 14 विकासात्मक स्टॉलों का अतिथियों ने निरीक्षण किया। इन स्टॉलों में शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, सामाजिक सुरक्षा, पंचायती राज, ग्रामीण विकास सहित कई विभागों की उपलब्धियों और योजनाओं का प्रदर्शन किया गया। गुब्बारे उड़ाकर जिले के उज्ज्वल भविष्य और विकास का संदेश दिया गया।

समारोह के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों, कर्मचारियों एवं अन्य व्यक्तियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। वहीं वृद्धावस्था पेंशन योजना के लाभुकों को सामूहिक रूप से स्वीकृति पत्र सौंपे गए तथा पांच दिव्यांगजनों के बीच ट्राईसाइकिल का वितरण किया गया।

अपने संबोधन में जिलाधिकारी शेखर आनंद ने कहा कि पिछले तीन दशकों में शेखपुरा ने शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली, आधारभूत संरचना, कृषि और सामाजिक सुरक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन का लक्ष्य विकास योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है।

शेखपुरा विधायक रणधीर कुमार सोनी ने जिले के गठन में पूर्व सांसद स्वर्गीय राजो सिंह के योगदान को याद करते हुए कहा कि उनके प्रयासों से शेखपुरा को अलग जिले का दर्जा मिला और आज यह निरंतर विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है। विधान परिषद सदस्य ललन प्रसाद ने प्रशासन और पुलिस की कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि दोनों के समन्वय से विकास कार्यों को गति मिली है। वहीं बरबीघा विधायक डॉ. कुमार पुष्पंजय ने कहा कि जनप्रतिनिधियों और प्रशासन के संयुक्त प्रयास से जिले के विकास को नई दिशा मिल रही है।

स्थापना दिवस के अवसर पर खेल विभाग की ओर से कबड्डी, खो-खो, दौड़, चित्रकला, रंगोली और भाषण प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। विजेता प्रतिभागियों को मेडल एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। समारोह में जिला प्रशासन ने विभिन्न विकास योजनाओं और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की उपलब्धियां भी साझा कीं तथा सभी ने विकसित, समृद्ध और सुशासित शेखपुरा के निर्माण का सामूहिक संकल्प दोहराया।

कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक, सिविल सर्जन, जिला परिषद उपाध्यक्ष पंकज कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, जिला परिवहन पदाधिकारी, जिला पंचायती राज पदाधिकारी, विभिन्न विभागों के जिलास्तरीय एवं प्रखंड स्तरीय अधिकारी, जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं और ग्रामीण उपस्थित रहे।

8 / 100 SEO Score

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *