दशहरा को लेकर जिला के 147 स्थल संवेदनशील
शेखपुरा
दशहरा पूजा के मद्देनजर जिले के 147 स्थलों को संवेदनशील मानकर सुरक्षा व्यवस्था की गई है। यहां दंडाधिकारियों की निगरानी में पुलिस बल तैनात है। भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों पर ड्रोन और सीसीटीवी से नजर रखी जा रही है। महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए महिला पुलिसकर्मियों के साथ अभया ब्रिगेड भी तैनात है। भीड़ की आड़ में छेड़छाड़ रोकने के लिए अभया ब्रिगेड का स्कूटी दस्ता और सादे लिबास में महिला जवान पूजा पंडालों व मेला क्षेत्रों में रहेंगे।
विधि-व्यवस्था के लिए चौबीस घंटे चलने वाला नियंत्रण कक्ष बनाया गया है। आमजन 06341-223333 पर गड़बड़ी की सूचना दे सकते हैं। सभी थानों और क्यूआरटी को अलर्ट किया गया है। पुलिस को दिन-रात गश्त के निर्देश हैं और डायल 112 टीम को सतर्क रहने को कहा गया है। फायर सर्विस और अस्पताल चौबीस घंटे अलर्ट रहेंगे। शेखपुरा शहर में डेढ़ दर्जन से अधिक स्थानों पर दंडाधिकारी तैनात हैं। नगर परिषद और पूजा समितियों के सीसीटीवी से भी निगरानी होगी। मेला क्षेत्र में मेडिकल टीमें और संवेदनशील पंडालों के पास अग्निशमन दस्ते तैनात हैं।
