मामूली विवाद में चली गोली: पूना यादव और संतोष यादव की मौत
शेखपुरा।
जिले के सिरारी थाना क्षेत्र अंतर्गत अकौना गांव में बीती देर रात मामूली विवाद ने विकराल रूप ले लिया। जानकारी के अनुसार, थ्रेसर से उड़ रहे धूल-कण को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प में बदल गया। इस दौरान दोनों ओर से जमकर गोलीबारी हुई, जिसमें दो लोगों की मौत हो गई।

घटना में एक पक्ष के 65 वर्षीय परमेश्वर यादव उर्फ पूना यादव की मौके पर ही ललाट में गोली लगने से मौत हो गई। वहीं, दूसरे पक्ष के 35 वर्षीय प्रेमराज उर्फ संतोष यादव को गंभीर रूप से घायल अवस्था में पहले सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां से उन्हें बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर किया गया। इलाज के दौरान देर रात उनकी भी मृत्यु हो गई।
सूत्रों के मुताबिक, एक पक्ष के लोग रात में थ्रेसर से गेहूं की दौनी कर रहे थे। पुरवा हवा के कारण भूसे के कण दूसरे पक्ष के घर में जा रहे थे, जिस पर थ्रेसर हटाने को लेकर विवाद शुरू हुआ और देखते ही देखते स्थिति बिगड़ गई। बताया जा रहा है कि दोनों पक्ष आपस में गोतिया (परिवार) के ही हैं।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन हरकत में आया। थानाध्यक्ष जयप्रकाश तिवारी के नेतृत्व में पुलिस ने मौके पर पहुंचकर एक शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। वहीं, घटना में प्रयुक्त एक खोखा बरामद किया गया है, जिसे फोरेंसिक जांच के लिए जब्त कर लिया गया है।
एसपी बलिराम कुमार चौधरी, एसडीपीओ डॉ. राकेश कुमार, अंचल निरीक्षक राजीव कुमार समेत भारी संख्या में पुलिस बल रात में हो घटनास्थल पर पहुंचे। अस्पताल में भी पहुंचकर निरीक्षण किया।
इस संबंध में पुलिस अधीक्षक बलीराम चौधरी ने बताया के मामले में कुल पांच लोगों को इस मामले में हिरासत में लेकर पूछताछ हो रही है।