साइबर अपराध के 15 लाख रुपये नहीं लौटाने पर 5 वर्षीय मासूम की हत्या

साइबर अपराध के 15 लाख रुपये नहीं लौटाने पर 5 वर्षीय मासूम की हत्या

शेखपुरा

जिले के कसार थाना क्षेत्र के सुमका गांव में साइबर अपराध से जुड़े 15 लाख रुपये के विवाद ने एक 5 वर्षीय मासूम की जान ले ली। गांव निवासी कन्हैया पंडित द्वारा साइबर फ्रॉड से जुड़े गिरोह के रुपये वापस नहीं करने पर अपराधियों ने उसके पुत्र दीपांशु का अपहरण कर निर्मम हत्या कर दी। 10 दिन बाद नवादा जिले के कौआकोल जंगल से बालक का शव बरामद होने के बाद पूरे इलाके में दहशत और आक्रोश है।

पुलिस के अनुसार कन्हैया पंडित और आरोपी एक ही साइबर फ्रॉड नेटवर्क से जुड़े थे। ठगी से कमाए गए लगभग 15 लाख रुपये कन्हैया के खाते में जमा थे, जिसे लेकर गिरोह के सदस्य लगातार दबाव बना रहे थे। रुपये नहीं मिलने पर 6 मई को मासूम दीपांशु को अगवा कर लिया गया और बाद में उसकी हत्या कर शव जंगल में छिपा दिया गया।

एसपी बलिराम कुमार चौधरी ने बताया कि एसआईटी जांच में चार आरोपियों की गिरफ्तारी हुई है, जबकि अन्य की तलाश जारी है। इस घटना ने एक बार फिर इलाके में सक्रिय साइबर अपराध गिरोहों की खतरनाक सच्चाई उजागर कर दी है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी साइबर गिरोहों के पैसे और विवाद को लेकर कई युवकों के अपहरण की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। हालांकि इस बार एक मासूम बच्चे की हत्या ने पूरे समाज को झकझोर दिया है। पुलिस अब इस नेटवर्क के व्यापक कनेक्शन और पूर्व की घटनाओं की भी जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *