नहर में धीमा जलप्रवाह देख डीएम ने अधिकारियों को दिए सुधार के निर्देश
शेखपुरा।
कृषि कार्य और सिंचाई व्यवस्था को लेकर जिला प्रशासन ने गुरुवार को शेखोपुरसराय प्रखंड के विभिन्न जल स्रोतों का निरीक्षण किया। जिला पदाधिकारी शेखर आनंद ने मिर्जेन नहर खुड़िया-बाजितपुर सहित कई स्थानों का जायजा लेकर सिंचाई व्यवस्था की स्थिति देखी।

निरीक्षण के दौरान मिर्जेन नहर में जलप्रवाह धीमा पाया गया। स्थानीय किसानों ने सिंचाई में आ रही परेशानियों से डीएम को अवगत कराया और आवेदन सौंपा। किसानों की समस्या सुनने के बाद डीएम ने संबंधित अधिकारियों को नहर में जलप्रवाह बेहतर करने तथा किसानों को निर्बाध सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
इसके बाद डीएम ने क्षेमा गांव के समीप कलयुगी नदी स्थित छिलकापर का निरीक्षण किया। यहां जलप्रवाह की स्थिति बेहतर मिली। इस जलस्रोत से क्षेमा, सादिकपुर और फिरंगीबीघा के किसानों को कृषि कार्य के लिए पर्याप्त पानी मिलने की जानकारी दी गई।
डीएम ने कहा कि किसानों की समस्याओं का समाधान जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में है। सिंचाई व्यवस्था में किसी तरह की परेशानी नहीं हो, इसके लिए संबंधित अधिकारी लगातार निगरानी रखें।
निरीक्षण के दौरान अनुमंडल पदाधिकारी, लघु सिंचाई कार्य प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी, थानाध्यक्ष तथा स्थानीय किसान मौजूद थे।