पंचबदन स्थान में श्रावणी महोत्सव की तैयारी पूरी, डिम्पल भूमि और पूजा सम्राट देंगी प्रस्तुति
बरबीघा :
बरबीघा प्रखंड के कुसेढ़ी स्थित ऐतिहासिक शिव मंदिर पंचबदन स्थान परिसर में 27 और 28 अगस्त को आयोजित होने वाले दो दिवसीय श्रावणी महोत्सव की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। जिला सूचना एवं जनसंपर्क पदाधिकारी आर्य गौतम ने बताया कि महोत्सव में बिहार की प्रसिद्ध लोक गायिका डिम्पल भूमि और पूजा सम्राट अपनी प्रस्तुति देंगी।
महोत्सव का उद्घाटन 27 अगस्त को शाम पांच बजे पर्यटन मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता करेंगे। समाज कल्याण मंत्री सह शेखपुरा प्रभारी मंत्री डॉ. श्वेता गुप्ता और खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री डॉ. अशोक चौधरी अति विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे। मंदिर परिसर को सुसज्जित कराने में मंत्री अशोक चौधरी की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उनके द्वारा नंदी महाराज की स्थापना भी कराई गई है।

बुधवार को डीएम शेखर आनंद और एसपी हिमांशु ने पंचबदन स्थान परिसर में प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों के साथ संयुक्त ब्रीफिंग की। डीएम ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा में किसी तरह की चूक नहीं होने देने का निर्देश दिया। महोत्सव क्षेत्र में वाटरप्रूफ पंडाल, पेयजल, सफाई, स्वास्थ्य टीम और ड्रॉप गेट की व्यवस्था की गई है। सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। मंच, महिला दीर्घा, पार्किंग और भीड़ नियंत्रण के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा। 24 घंटे चिकित्सकीय व्यवस्था, एंबुलेंस, अग्निशमन वाहन और पेयजल की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी।
