मोटर चोरी के आरोप में दो युवकों को पकड़कर सिर मुंडाया, गांव में घुमाया
शेखपुरा :
कोरमा थाना क्षेत्र के सुजावलपुर और बटोरा गांव में मोटर चोरी के आरोप में दो युवकों के साथ ग्रामीणों द्वारा मारपीट और अमानवीय व्यवहार किए जाने का मामला सामने आया है। ग्रामीणों ने दोनों युवकों को पकड़ने के बाद उनके सिर मुंडवा दिए और गांव में घुमाया। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने दोनों युवकों को भीड़ से बचाकर अपने कब्जे में लिया और इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया।
ग्रामीणों के अनुसार, शुक्रवार की रात खेत में लगे बोरिंग से मोटर चोरी करने का प्रयास कर रहे दो युवकों को लोगों ने दौड़ाकर पकड़ लिया। पकड़े गए युवकों की पहचान गगौर गांव निवासी ज्ञानी बिंद के पुत्र रोहित कुमार और उमेश बिंद के पुत्र सुरेश कुमार के रूप में हुई है।
आरोप है कि दोनों युवकों को पकड़ने के बाद ग्रामीणों ने उनकी पिटाई की। इसके बाद दोनों का सिर मुंडवाकर गांव में घुमाया गया। इसी दौरान किसी ने पुलिस को घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों युवकों को भीड़ के चंगुल से निकालकर अस्पताल पहुंचाया।
ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र के इन गांवों में पिछले कुछ समय से खेतों में लगे मोटरों की चोरी की कई घटनाएं हो चुकी हैं। इसी वजह से ग्रामीणों में आक्रोश था।
पुलिस ने दोनों युवकों से पूछताछ के आधार पर अरधौती पोखर के समीप कबाड़ की दुकान चलाने वाले महेंद्र यादव को भी गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, उसकी दुकान से दो मोटर बरामद किए गए हैं। उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
एएसपी डॉ. राकेश कुमार ने बताया कि पुलिस ने दोनों युवकों को भीड़ से सुरक्षित निकालकर अस्पताल में भर्ती कराया है। मोटर चोरी के मामले में बटोरा निवासी अरुण कुमार के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है।